‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ कहे: हरिओम गौतम

May 31 2026

ग्वालियर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को बताया गया कि तंबाकू एवं तंबाकू से बने उत्पाद न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। समिति द्वारा आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाली कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को दर्शाया। साथ ही लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन कमला राजा अस्पताल परिसर में किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव रामदास माहौर द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तंबाकू एवं तंबाकू से बने उत्पादों के सेवन से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए हमें स्वयं इनसे दूर रहना चाहिए और विशेष रूप से युवाओं को भी नशे की लत से बचाने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन, क्षेत्रीय नागरिक एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में हरिओम गौतम द्वारा उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर सीपीएलआई परियोजना की एरिया कार्डीनेटर श्रीमती प्रीति मिश्रा, अमित मंडेलिया, आदित्य बाथम एवं शैलेन्द्र राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।