उधार दिए रुपए मांगे तो महिला ने युवक पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग

May 29 2026

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोसी युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना 20 जनवरी 2026 की है। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने चार महीने इलाज के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
रामाजी का पुरा निवासी 23 साल का ऋषभ उर्फ लालू चौहान फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करता है। उसके पड़ोस में किराए से रहने वाली सरिता उर्फ सट्टो ने करीब आठ महीने पहले बेटे के इलाज के लिए ऋषभ से मदद मांगी थी। ऋषभ ने तीन-चार किश्तों में उसे 50 हजार रुपए उधार दिए थे। काफी समय गुजरने के बाद भी रुपए वापस नहीं मिलने पर ऋषभ लगातार तकादा कर रहा था। 20 जनवरी को वह सरिता के घर रुपए मांगने पहुंचा था। इसी दौरान विवाद हुआ और महिला घर के अंदर से पेट्रोल लेकर आई। उसने ऋषभ पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस जला दी। आग लगते ही ऋषभ सडक़ की तरफ भागा और पास की नाश्ते की दुकान के सामने गिर पड़ा। दुकानदार ने बोरे और पानी की मदद से आग बुझाई। इसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के बर्न वार्ड लेकर पहुंचे। 
परिजनों के मुताबिक आग से ऋषभ का चेहरा, गला और सीना बुरी तरह झुलस गया। पिछले चार महीनों में इलाज पर करीब 4 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। डॉक्टरों ने एक और प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत बताई है, जिस पर करीब 4 लाख रुपए और खर्च होने का अनुमान है। 
गंभीर रूप से झुलसने के कारण ऋषभ लंबे समय तक बयान देने की स्थिति में नहीं था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसने बहोड़ापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर आरोपी महिला सरिता उर्फ सट्टो पत्नी ज्ञानी झा के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
बहोड़ापुर थाना टीआई आलोक परिहार ने बताया कि आरोपी महिला घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में घायल युवक को बचाने वाले दुकानदार और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।