किसान की मौत के बाद परिजनों ने किया चक्का जाम, दो आरोपी पकड़े, तीसरा फरार

May 29 2026

ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गंभीर रूप से घायल किसान बृजराज पवैया की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोला का मंदिर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने आरोपी दीपा गुर्जर और लिंगा गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी काके श्रीवास फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नारायण विहार कॉलोनी निवासी किसान बृजराज पवैया पुत्र निहाल सिंह पवैया विगत सुबह करीब 9 बजे अपने भाई छत्रपाल सिंह पवैया के साथ गोला का मंदिर क्षेत्र स्थित सम हॉस्पिटल के पास एक भूसे की टाल पर वोट लेने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद दीपा गुर्जर, लिंगा गुर्जर और काके श्रीवास से उसका विवाद हो गया। कुछ ही देर में कहासुनी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढऩे पर लिंगा गुर्जर ने लोहे की सरिया से बृजराज के सिर पर हमला कर दिया। वार लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दीपा गुर्जर और काके श्रीवास ने भी लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। हमले में किसान के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल किसान के भाई छत्रपाल सिंह ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल बृजराज को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के 1000 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी भूसे की टाल संचालक काके श्रीवास का बृजराज से विवाद हुआ था। उस दौरान आरोपी ने उसे पिटवाने की धमकी दी थी। परिजनों के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते ही इस हमले को अंजाम दिया गया।
परिजन गोला का मंदिर चौराहे पर धरने पर बैठे, चक्का जाम किया
किसान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे गोला का मंदिर चौराहे पर धरने पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।
मामले में सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि दो दिन पहले किसान का तीन लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी दीपा गुर्जर और लिंगा गुर्जर को पकड़ लिया है, जबकि तीसरा आरोपी काके श्रीवास फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।