कंटेनर ने बाइक मेंमारी टक्कर, पिता की मौत, बेटा घायल

May 29 2026

ग्वालियर। नैनागिर तिराहे पर एक सडक़ हादसा हुआ। डबरा जा रहे पिता-पुत्र की बाइक को कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मुरैना की तरफ से आ रहे कंटेनर से हुई। 
उटीला थाना क्षेत्र के ग्राम बांगी खुर्द निवासी रामसेवक दुबे अपने बड़े बेटे कपिल दुबे के साथ डबरा के ग्राम चौमो में रामायण पाठ कार्यक्रम में जा रहे थे। दोनों बाइक क्रमांक एमपी07 एनजी 6122 से घर से निकले थे। बाइक कपिल चला रहा था और रामसेवक पीछे बैठे थे। नैनागिर तिराहे पर बाइक के रोड पार करते समय मुरैना की तरफ से आ रहे कंटेनर क्रमांक एचआर 38 एजे 3407 ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामसेवक दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर उनकी मौत हो गई। कपिल दुबे भी सडक़ पर गिरकर घायल हो गया। 
हादसे के बाद भाग रहे कंटेनर का नंबर कपिल दुबे ने नोट कर लिया। उसने घटना की जानकारी अपने चचेरे भाई विकास शर्मा को फोन पर दी। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस को बुलाया गया। 
108 एम्बुलेंस की मदद से घायल कपिल दुबे को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज जारी है। मृतक रामसेवक दुबे के शव को मर्चुरी में रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के छोटे बेटे हरिओम दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। सिरोल थाना पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने और मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।