अमन-चैन के माहौल में अदा हुई बकरीद की नमाज, मांगी देश की खुशहाली की दुआ

May 28 2026

भितरवार। त्याग,समर्पण और बलिदान के पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर गुरुवार को क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। नगर सहित ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज पढ़ी और देश में अमन-चैन,भाईचारा तथा खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पूरे नगर में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित ईदगाह मैदान सहित नगर और क्षेत्र की छोटी-बड़ी मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। 
नमाज से पहले इमामों ने ईद-उल-अजहा की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देता है।उन्होंने इसे आपसी भाईचारे और मेल-जोल को मजबूत करने वाला त्योहार बताया। वहीं एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी ईद के मुबारक मौके पर मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठजनों ने हजरत इब्राहिम की कुर्बानी का जिक्र करते हुए बताया कि अल्लाह के हुक्म पर उन्होंने अपने सबसे प्रिय पुत्र की कुर्बानी देने का इरादा किया था। लेकिन उनकी सच्ची निष्ठा को देखकर अल्लाह ने उनके पुत्र को सुरक्षित कर दिया। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में बकरीद का पर्व मनाया जाता है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारक शुभकामनाएं दीं।सुबह से ही मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा। वहीं पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मस्जिदों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। ईदगाह मैदान में नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।