20 दिवसीय नि:शुल्क व्यक्तित्व विकास शिविर एवं नाट्य कार्यशाला कलादर्शन 30 मई से

May 27 2026

ग्वालियर। कला एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु निरंतर कार्यरत अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती एवं वंदेमातरम सांस्कृतिक एवं समाज सेवी संस्था वंदेमातरम समूह राष्ट्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु निरंतर क्रियाशील संस्था है। यह संस्था वर्ष भर विभिन्न स्तरों पर राष्ट्रीय मूल्यों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन करती है। जिससे समाज के हर वर्ग का प्रतिनिधित्व होता है।
राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण एवं पोषण की कड़ी में ही वंदेमातरम समूह एवं संस्कार भारती ग्वालियर के संयुक्त तत्वधान में बालक सरस्वती विद्या मंदिर, गोरखी के सहयोग से 20 दिवसीय नि:शुल्क व्यक्तित्व विकास शिविर एवं नाट्य कार्यशाला कलादर्शन-2026 का 20वां संस्करण का आयोजन बालक सरस्वती विद्या मंदिर गोरखी में 30 मई से 18 जून तक सायं 5 से   7:30 बजे तक किया जायेगा। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना है इसके साथ ही सर्व गुण सम्पन्न व्यक्तित्व निर्माण हो इसके लिये भी कार्य करना है। इस शिविर के माध्यम से पर्यावरण एवं जल संवर्धन को ध्यान में रखते हुये केन्द्र में रखकर प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।
व्यक्तित्व विकास शिविर एवं नाट्य कार्यशाला के अर्न्तगत प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु उच्च तकनीक का प्रयोग किया जायेगा जिसमें दृश्य एवं श्रृव्य तकनीक का समावेश होगा। इस शिविर के माध्यम से मुख्य रूप से नाटक, योगा, एरोविक्स, घुड़सवारी, पेंटिंग, रंगोली, नृत्य, फोटोग्राफी आदि विषयों पर राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।
इस शिविर का मुख्य का आर्कषण 1857 की महानायिका वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन चरित्र पर आधारित महानाट्य होगा। जिसका निर्माण इसी नाट्य कार्यशाला में किया जायेगा इस महानाट्य में लगभग 250 से अधिक कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महानाट्य लाइट एवं साउण्ड पर आधारित होगा। उच्च तकनीक का प्रयोग होगा साथ ही अंग्रेजों के साथ वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जीवन्त युद्ध कौशल दिखाया जायेगा। इस महानाट्य में लगभग 121 से अधिक कलाकार अपने नृत्य का प्रदर्शन करेंगे। प्रेस वार्ता में संस्कार भारती से डॉ. संजय धवले, प्रदीप दीक्षित, वन्दे मातरम समूह से यशपाल सिंह तोमर, चन्द्रप्रताप सिंह सिकरवार, संस्कार भारती प्रचार प्रमुख कुलदीप पाठक, उत्तम पाठक, सचिन चन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।