ऊर्जा मंत्री ने सिविल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

May 27 2026

ग्वालियर। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को हजीरा स्थित सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया, मरीजों से बातचीत की और अस्पताल की रसोई में भोजन की गुणवत्ता भी परखी। मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, आईसीयू और जनरल वार्ड का अवलोकन किया। आईसीयू और जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से उन्होंने उपचार और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। आईसीयू में एयर कंडीशनर (एसी) खराब पाए जाने पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की और अस्पताल प्रबंधन को तत्काल एसी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
आईसीयू में सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जोर देकर कहा कि गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है और यहां किसी भी प्रकार की तकनीकी या मूलभूत सुविधा में कमी स्वीकार नहीं की जा सकती। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर भी बात कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीज कोक सिंह राठौर से भी मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके पैर दबाकर कुशलक्षेम पूछी। मंत्री के इस व्यवहार की अस्पताल में मौजूद लोगों ने सराहना की।
इसके बाद प्रद्युम्न सिंह तोमर अस्पताल की रसोई में पहुंचे। उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की, जिसमें दाल, चावल और अन्य खाद्य सामग्री का निरीक्षण शामिल था। भोजन तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई। भोजन की वास्तविक गुणवत्ता जानने के लिए मंत्री ने स्वयं उसे ग्रहण किया। उन्होंने रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और भोजन वितरण व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
ऊर्जा मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और खान-पान की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार और सुविधाओं का हकदार है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं।