रिटायर्ड जवान ने ससुर-दामाद पर की फायरिंग, ससुर की मौत दामाद वेंटिलेटर पर

May 27 2026

ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पटरी रोड पर बुधवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा। बीएसएफ के एक रिटायर्ड जवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ससुर-दामाद पर 15 से 20 राउंड अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। हमले में ससुर की मौत हो गई, जबकि दामाद वेंटिलेटर पर है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव है।
 एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच सरकारी भूमि पर रेत डंप करने को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस और गाली-गलौज हुई। इसके बाद आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया। 
जब पीड़ित महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर और सत्यभान गुर्जर (ससुर-दामाद) पटरी रोड से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि दोनों संभल पाते, मुख्य आरोपी रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे और उसके साथियों ने कट्टों और पिस्तौल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगते ही दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की गूंज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को नाजुक हालत में जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने के कारण महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर ने दम तोड़ दिया। वहीं, सत्यभान गुर्जर के शरीर से गोलियां निकालने के लिए डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन में जुटी है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर है।
गुर्जर समाज में आक्रोश, क्विक रिस्पॉन्स फोर्स तैनात
इस हत्याकांड के बाद मृतक भोला के परिजनों और गुर्जर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। अस्पताल से लेकर घटना स्थल (पटरी रोड) तक माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना या दंगे जैसी स्थिति को रोकने के लिए प्रशासन ने पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स फोर्स के साथ कई थानों का बल मुस्तैद कर दिया है।
एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर के अनुसार, मुख्य आरोपी विष्णु दुबे और उसके साथियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई हैं, जो मुरार, भिंड और मुरैना सहित सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।