मन मेला कार्यक्रम में माताओं ने साझा किए अपने मन के भाव

May 26 2026

ग्वालियर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संगत संस्था सहारा परियोजना के तहत मन मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें गर्भवती एवं धात्री माताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं की मूड रेटिंग स्केल के माध्यम से स्क्रीनिंग एवं जांच की गई। इस दौरान महिलाओं ने अपने मनोभावों को साझा करते हुए बताया कि वे आज कैसा महसूस कर रही हैं जैसे खुश, चिंतित, थकी हुई अथवा अन्य भावनाएं।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं को स्वयं की देखभाल, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि वे संतुलित आहार, पर्याप्त आराम, सकारात्मक सोच और अपने लिए समय निकालकर स्वयं का बेहतर ध्यान कैसे रख सकती हैं। कार्यक्रम में सभी महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप आइना उपहार के रूप में प्रदान किया गया। इस प्रतीकात्मक उपहार के माध्यम से महिलाओं को संदेश दिया गया कि वे स्वयं के स्वास्थ्य, भावनाओं एवं आवश्यकताओं का भी ध्यान रखें। इस मन मेला कार्यक्रम में डॉ. हेमंत अम्ब, डॉ. मनीषा अग्रवाल एवं संगत संस्था सहारा परियोजना की टीम से बालकृष्ण त्रिपाठी, मनोवैज्ञानिक जिज्ञासा, सुपरवाइजर रिजवाना खान, किरन केन, डेटा कलेक्टर सहाना खानम एवं साधना शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।