नौतपा के पहले दिन सुबह से चली गर्म हवाएं

May 25 2026

ग्वालियर। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को नौतपा के पहले दिन सुबह से ही तेज गर्म हवाएं चलीं। सोमवार सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित किया। सुबह 5:30 बजे तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो 8:30 बजे तक बढ़कर 36 डिग्री पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग सूनी रहीं। लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाव की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में हीट स्ट्रोक और सिरदर्द जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। बेवजह दोपहर में 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकले।