तप रहा शहर, नौतपा आज से

May 24 2026

ग्वालियर। नौतपा आज 25 मई से प्रारंभ होने जा रहा है, लेकिन ग्वालियर नौतपा से पहले ही तपने लगा है, हालत यह है कि लोग सुबह 11 बजे के बाद घर से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं। रविवार को तापमान सुबह 11 बजे 40 डिग्री के पार हो गया है, जबकि हवा की रफ्तार 12 से 15 किलोमीटर के बीच रहने से लू लोगों को सताती। शहर का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। ग्वालियर में सुबह से ही भयानक गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि नौतपा आज से प्रारंभ होने जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस साल नौतपा में सूरज आग उगलेगा, जिसके कारण लोगों को गर्मी अन्य सालों की तुलना में अधिक महसूस होगी। 
ग्वालियर में पड़ी रही तीखी गर्मी के कारण दिन में लोग बहुत जरूरी होने पर ही सडक़ों पर निकल रहे हैं। जिसके कारण सडक़ों पर यातायात कम दिख रहा है। वहीं दो पहिया वाहन चालक भी दिन में काफी कम देखने को मिल रहे हैं। शाम होते ही सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जबकि शाम को ही लोग घूमने के लिए घरों से निकल रहे हैं।