स्कूल मर्ज करने से परेशान छात्रों ने निकाली रैली

May 24 2026

ग्वालियर। सरकारी स्कूलों को सांदीपनि में मर्ज (बंद) करने की नीति के खिलाफ स्कूल बचाओ संघर्ष समिति ने छात्र रैली निकाली। रैली किला गेट क्षेत्र में निकाली गई। रैली सेवा नगर से शुरू होते हुए लोहा मंडी, रमटापुरा होती हुई किला गेट चौराहे पर पहुंची। विभिन्न जगह पर छात्रों ने रैली को संबोधित किया और आम जनता से आंदोलन में जुडऩे की अपील की।
किला गेट चौराहे पर स्थित कन्या विद्यालय स्कूल को किलागेट चौराहे से हटा कर मल्लगढ़ा हाईवे पर स्थित सांदीपनि स्कूल में मर्ज कर दिया गया। इतनी दूर स्कूल होने की वजह से छात्रों को वहां तक पहुंचने में असुविधा हो रही थी, ऐसी स्थिति में अभिभावकों ने परेशान होकर 50 फीसदी से ज्यादा छात्राओं की टीसी कटवा ली, क्योंकि इतनी दूर जाने की कोई सुविधा नहीं है। एक तरफ किराया बहुत महंगा हो चुका है और दूसरी तरफ बच्चियों की सुरक्षा का कोई भी इंतजाम नहीं है। छात्र रैली की शुरुआत जनगीतों व नाटक की प्रस्तुति के साथ हुई। प्रदर्शन का संचालन संघर्ष समिति के जिला संयोजक द्वारा किया गया।