नई नवेली दुल्हन ने लगाई फांसी,दूल्हा भी फंदे पर लटका

May 23 2026

ग्वालियर। नई नवेली दुल्हन ने फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी की मौत के दो दिन बाद पति का शव भी घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। मुरार और गोला का मंदिर पुलिस को किसी भी घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
मुरार पुलिस के मुताबिक, हुरावली लिंक रोड स्थित गेरू वाले बंगले के पास रहने वाली 23 वर्षीय मेघा उर्फ ज्योति की शादी 25 अप्रैल 2026 को पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी फेस-1 निवासी सिद्धार्थ कांदिल से हुई थी। दोनों की अरेंज मैरिज थी।
परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद मेघा खुश थी। 26 अप्रैल को वह ससुराल पहुंची थी, लेकिन 1 मई को मायके आ गई थी। शादी के 25 दिनों में दोनों सिर्फ 5 दिन ही साथ रह पाए थे। शादी धूमधाम से हुई थी। मेघा के पिता गुरुवीर सिंह ने बेटी की शादी में काफी खर्च किया था। सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच मेघा के पिता किसी रिश्तेदार की गमी में गए हुए थे। घर में मेघा और उसकी मां गीता मौजूद थीं। इसी दौरान मां जब दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंचीं, तो मेघा दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली। मुरार पुलिस मौके पर पहुंची। और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पत्नी की मौत के दो दिन बाद पति ने भी दी जान
मेघा की मौत के बाद सुबह करीब 8 बजे उसके पति सिद्धार्थ कांदिल का शव भी घर में मिला। सिद्धार्थ पेशे से ठेकेदार था। बताया गया कि वह पत्नी की मौत के बाद से मानसिक तनाव में था। जब सिद्धार्थ के पिता परमाल सिंह ने उसे कमरे में नहीं देखा, तो तलाश शुरू की गई। बाथरूम अंदर से बंद था। संदेह होने पर भतीजे श्यामवीर को बुलाया गया। दरवाजा तोडऩे पर सिद्धार्थ का शव साफी के फंदे से जंगले पर लटका मिला।
सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। सिद्धार्थ के परिवार ने मीडिया से दूरी बनाई हुई है। परिवार पोस्टमॉर्टम नहीं कराना चाहता था।
फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने पहले मेघा की मौत वाले घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद सिद्धार्थ के घर पहुंचकर भी जांच की गई। फिलहाल दोनों घटनास्थलों को सीज रखा गया है। पुलिस अब दोनों परिवारों के लोगों से पूछताछ करेगी।
मायके पक्ष ने फिलहाल पुलिस और मीडिया से दूरी बना ली है। दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए जाएंगे। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल, वॉट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले दोनों ने आखिरी बार किससे बात की थी। 
गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं मोबाइल में कोई वीडियो, ऑडियो या डिजिटल सुसाइड नोट तो मौजूद नहीं है। मामले की जांच जारी है।