कॉम्बिंग गश्त 249 बदमाश पकड़े, 303 गुंडे-हिस्ट्रीशीटर किए गए चेक

May 22 2026

ग्वालियर। पुलिस ने विगत रात  सप्राइज कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के सख्त निर्देश पर रातभर चली इस विशेष गश्त में पुलिस ने उन 249 फरार चल रहे बदमाशों को पकड़ कर सीधे हवालात पहुंचाया, जो लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। साथ ही पुलिस जब पुराने बदमाशों के घरों पर पहुंचीं, तो कई अपराधियों की नींद सीधे हवालात में ही खुली।
कॉम्बिंग गश्त की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद एसएसपी धर्मवीर सिंह देर रात सडक़ों पर मोर्चा संभाले नजर आए। इस दौरान एएसपी अनु बेनीवाल, सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर और प्रशिक्षु आईपीएस मनोज कुमार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी (सीएसपी/डीएसपी) अपने-अपने थाना प्रभारियों और भारी पुलिस बल के साथ रात से लेकर तडक़े सुबह तक सडक़ों पर पैदल गश्त करते रहे।
 पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पूरे जिले में एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की, जिसमें 249 वारंटियों को पकड़ा गया। 121 स्थाई फरार वारंटियों को पकड़ा। 128 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। 303 पुराने बदमाश, गुड़े व हिस्ट्रीशीटर को किया चेक। 158 सूचीबद्ध गुंडों के घरों पर आधी रात को रेड मारी गई। 145 कुख्यात हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों को खंगाल कर उनके रिकॉर्ड अपडेट किए गए।
कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने मुरार, इंदरगंज, गिजौर्रा और बेलगढ़ा थाने में 1-1 व महाराजपुरा थाने में 2 नए मामले दर्ज कर शराब जब्त की गई। इसके अलावा हजीरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए औचक चेकिंग करते हुए अवैध हथियार का 1 प्रकरण दर्ज कर आरोपी को पकड़ा। घाटीगांव थाना पुलिस ने जुआ खेलते हुए रंगे हाथ आरोपियों को पकडक़र एक केस दर्ज किया। शांति भंग करने की आशंका के मद्देनजर धारा 107/116 के तहत 4 अलग-अलग मामलों में 11 उपद्रवियों पर शिकंजा कसा गया।
जेल से छूटे बदमाशों पर पैनी नजर
गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने केवल घरों पर ही दबिश नहीं दी, बल्कि शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, संवेदनशील इलाकों, बैंक एटीएम, होटलों, लॉज और धर्मशालाओं की बारीकी से चेकिंग की। हाईवे के ढाबों पर देर रात बैठने वाले संदिग्धों की तलाशी ली गई।