गर्मी का प्रकोप लगातार जारी, शहर में लू का अलर्ट जारी

May 22 2026

ग्वालियर। विगत रात इस सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रातभर उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी नींद भी प्रभावित हुई। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। रात 8 बजे भी गर्म हवाएं चलती रहीं, जिसके कारण कूलर और एयर कंडीशनर भी बेअसर साबित हो रहे हैं।  
वहीं शुक्रवार की सुबह से ही तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिला। सुबह 8:30 बजे तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। जो सामान्य से काफी अधिक है। लगातार बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मई महीने में तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है।
भीषण गर्मी का असर शहर की सडक़ों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय प्रमुख बाजारों और सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्म हवाओं और तेज धूप ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पानी की तलाश करते नजर आए। इसके अलावा चिडिय़ाघर में भी जानवरों के लिए स्प्रिंकलर लगाए गए है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को इस मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक गर्मी और लू के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। साथ ही पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में सिर ढककर निकलने की सलाह दी गई है।