नगर यात्रा का आयोजन:शिक्षा, अनुभव और प्रेरणा का अनूठा संगम

May 19 2026

ग्वालियर। एफटीएस युवा द्वारा समय समय पर देश के सभी वर्गों के युवाओं को जोडऩे के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है। इसी कड़ी में फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसायटी युवा (एफटीएस युवा) की ग्वालियर चैप्टर द्वारा कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से, सोमवार को बनवार, टोडा और झनकरी गांवों के एकल विद्यालया के 56 छात्रों के लिए एक विशेष ‘नगर यात्रा’ का आयोजन किया गया। ग्वालियर के प्रमुख ज्ञानवर्धक स्थानों पर आधारित इस यात्रा ने छात्रों को शिक्षा और नए अनुभवों का एक शानदार अवसर प्रदान किया।
अस्पताल प्रबंधन और संवेदनशीलता का पाठ
यात्रा के दौरान छात्र सबसे पहले ग्वालियर के कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट पहुंचे। यहाँ उन्हें सीपीआर काप्रशिक्षण दिया गया। छात्रों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और सीटी स्कैन तथा एमआरआई जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनों के काम करने के तरीके को समझा। इस दौरान सबसे भावुक पल वह था जब इन छात्रों ने कैंसर से पीडि़त बच्चों और इस गंभीर बीमारी को मात दे चुके सर्वाइवर्स से मुलाकात की। इस संवाद ने छात्रों के भीतर गहरी भावनात्मक और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित की।
म्यूजियम में विज्ञान और इतिहास की झलक
इसके बाद, छात्रों का दल जियो म्यूजियम पहुँचा। यहाँ उन्होंने प्रकृति, डायनासोर जैसी विलुप्त प्रजातियों, ज्वालामुखी, मिट्टी, खनिजों और जल चक्र से जुड़ी रोचक जानकारियाँ प्राप्त कीं, जिससे उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा को नई उड़ान मिली। इसके बाद डिजिटल म्यूजियम के भ्रमण के दौरान छात्रों ने ग्वालियर के समृद्ध इतिहास को जाना और सौर मंडल पर आधारित एक शानदार 3डी प्रेजेंटेशन का आनंद लिया, जिसने उनके सीखने के अनुभव को बेहद रोमांचक बना दिया।
इस पूरी यात्रा के दौरान छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। ‘युवा समिति’ के 16 सदस्यों ने परिवहन सहित सभी व्यवस्थाओं का सफल और सुचारू प्रबंधन किया। समिति की ओर से छात्रों को टी-शर्ट प्रदान की गईं। साथ ही, दिन भर की ऊर्जा बनाए रखने के लिए उन्हें पौष्टिक नाश्ता, संतुलित दोपहर का भोजन और शाम को छाछ सहित स्वादिष्ट स्नैक्स उपलब्ध कराए गए। कुल मिलाकर, यह पहल छात्रों के लिए एक सर्वांगीण सीखने का अनुभव साबित हुई। शिक्षा, एक्सपोजर और प्रेरणा के इस बेहतरीन तालमेल ने युवा मन को नई दिशा देने का काम किया और यह साबित किया कि सच्ची शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है।