गाडिय़ों की सीट बनाने वाले गोदाम में आग लगी, 15 फायर ब्रिगेड ने पाया कंट्रोल

May 18 2026

ग्वालियर। सागरताल क्षेत्र में सोमवार सुबह एक कबाड़ और गाडिय़ों की सीट बनाने वाले गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी तपन से पड़ोस में स्थित जिम की कुछ मशीनें तक पिघल गईं। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने समय रहते मोर्चा संभाला, वरना चंद कदमों की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप और मैरिज गार्डन बड़ी तबाही का कारण बन सकते थे। दमकल की 15 गाडिय़ों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को शांत किया।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे आग लगी। गोदाम में गाडिय़ों की सीट बनाने के लिए भारी मात्रा में फोम और कबाड़ भरा था, जिसने आग को चंद मिनटों में विकराल बना दिया। आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, साथ ही दमकल दस्ते को भी सूचना दी। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तत्काल आग पर काबू पाने के लिए प्रयास किया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की जिम की मशीनें और उपकरण गर्मी से खराब हो गए। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी और फायर मुख्यालय से दमकल की गाडिय़ां पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालकर आसपास के मकानों को खाली कराया।
हादसा स्थल से महज दो-तीन मकान छोडक़र ही एक पेट्रोल पंप और पास में ही रजवाड़ा मैरिज गार्डन स्थित है। अगर हवा का रुख थोड़ा भी बदलता या आग पर काबू पाने में देरी होती, तो बड़ा विस्फोट या जनहानि हो सकती थी। दमकल की 15 गाडिय़ों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को शांत किया। रिहायशी इलाकों और घनी बस्तियों में गोदाम बनाने पर सख्त पाबंदी है, इसके बावजूद ग्वालियर में धड़ल्ले से कबाड़ गोदाम चल रहे हैं। इन गोदामों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। वहीं तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे हर वक्त बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।