अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, उखाड़ी सडक़ें, गिराए प्रवेश द्वार

May 16 2026

भितरवार। नगर में पहली बार अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई देखने को मिली। स्थानीय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलवाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बड़ी अवैध कॉलोनियों पर की गई  कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हडक़ंप मच गया। टीएंडसीपी के नियमों का उल्लंघन कर बसाई जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात स्थानीय प्रशासन ने कही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश और एसडीएम राजीव समाधिया के मार्गदर्शन में तहसीलदार शिवदत्त कटारे, नायबतहसीलदार हरनाम सिंह, शिवदयाल शर्मा सीएमओ रीता कैलशिया नगर परिषद के अमले और पुलिस बल के साथ हरसी मार्ग स्थित अवैध कॉलोनी धूमेश्वर नगर और रामनगर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने जेसीबी मशीन से उक्त कॉलोनियों के मुख्य प्रवेश द्वार गिरावाए,गेट तुड़वाए और बाउंड्री धराशाही करवाई। कार्रवाई का धूमेश्वर नगर में कुछ महिलाओं ने विरोध भी किया। जिन्हे निकाय की महिला कर्मचारियों ने समझाइश देकर दूर हटाया।
वहीं इस इन दोनों कॉलोनियों के बाद पूरा अमला नए बस स्टेंड के पास अवैध विजय नगर कॉलोनी पहुंचा। जहां अधिकारियों के निर्देशन में कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन से कॉलोनी की सीसी सडक़ें उखाड़ी। कार्रवाई जारी रखते हुए अधिकारी पूरे अमले के साथ करैरा मार्ग सांसन पहुंचे। जहां उन्होंने राधा निकुंज और बागेश्वर कॉलोनी की सीसी सडक़ें उखड़वाई। इसी तरह स्थानीय प्रशासन ने अन्य कॉलोनियों की सडक़ें उखड़वाकर प्लाटिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया। शासन की मंशानुरूप अवैध कॉलोनियों पर चली जेसीबी से कॉलोनाइजरों में दिनभर हडक़ंप मचा रहा।
बताते हैं कि यह कॉलोनी नियमों को ताक पर रखकर काटी जा रही थीं। इनमें कॉलोनाइजरों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति,टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के नियमों का उल्लंघन कर प्लॉटिंग की जा रही थी। कॉलोनाइजरों द्वारा ग्रामीण किसान,गरीब मजदूर और भोले-भाले खरीदारों को झांसा देकर प्लाट बेचे जा रहे थे। जिसकी शिकायत मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए थे। वहीं इस कार्यवाही से प्रशासन ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध कॉलोनियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
इन कॉलोनियों में कई लोगों ने खरीद लिए हैं प्लाट
बताया जाता है कि जिन अवैध कॉलोनियों में स्थानीय प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। उनमें कॉलोनाइजरों ने कई लोगों को प्लाट बेचे दिए हैं। आसपास गांवों के लोगों ने काफी कीमत में प्लाट खरीदें हैं। प्रशासन की कार्रवाई से प्लाट खरीदने वाले लोगों के मन में अब तरह तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। बताते हैं कि कुछ लोगों ने इन कॉलोनियों में अपने मकान भी बना लिए हैं। प्लाट खरीदने बालों को अब भविष्य की चिंता सताने लगी है।
एसडीएम बोले आगे भी करेगें कार्रवाई,आज लोगों को संदेश दिया है
वहीं इस संबध में एसडीएम राजीव समाधिया ने कहा कि आज 12-13 अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की गई है। जिसमें कुछ छोटी कॉलोनी भी शामिल है। आने वाले समय में शेष अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज की कार्रवाई का प्रमुख यह था कि गरीब,मजदूर और किसानों को अवैध कॉलोनियों को लेकर पता चल सके। जिससे वे किसी भी अवैध कॉलोनी में पैसा फंसाने से बच सकें। क्योंकि ऐसी कॉलोनियों में नामांतरण आदि की परेशान होती है। वहीं उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजर कॉलोनियों को वैध करवा लेंगे तो निश्चित रूप से प्लाट के नामांतरण होंगे। वहीं एसडीएम ने कहा कि नगर की छोटी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।