सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार करा:ऊर्जा मंत्री तोमर

May 16 2026

ग्वालियर। उप नगर ग्वालियर में सुपर सकर मशीन द्वारा चल रहे सीवर सफाई महाअभियान को लेकर ऊर्जा मंत्री श्री तोमर निरंतर प्रयासरत हैं। शनिवार को सीवर सफाई के दौरान संत कृपाल सिंह आश्रम से मोहिते गार्डन के बीच सीवर चेम्बर की सफाई का कार्य होते देख स्थानीय नागरिकों ने अपने जन सेवक को इस बात के लिए साधुवाद दिया कि चार साल बाद सफाई कराकर समस्या से मुक्ति दिलाई।
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर 16 सीवर चेम्बर की सफाई का कार्य किया गया, जिसमें 6 चेम्बर तो ऐसे थे, जिन्हें खोजने के लिए सफाई कार्य में लगी टीम को कई स्थानों पर सडक़ की खुदाई करने की मशक्कत करनी पड़ी। जिसके बाद इन सीवर चेम्बरों को खोजकर सफाई कार्य किया गया।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को भोपाल से फोन पर स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर सीवर सफाई कार्य का फीडबैक लिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि संत कृपाल सिंह आश्रम से मोहिते गार्डन तक के चेम्बर की सफाई बीते चार साल पहले हुई थी, लेकिन आज सफाई होने से यहां के 130 परिवारों को बहुत जटिल समस्या से निजात मिली है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने चर्चा के दौरान लोगों से कहा सीवर लाइन की समस्या के निराकरण हेतु सीवर सकर मशीन द्वारा सफाई कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य सही और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो इसके लिए आप सभी जिम्मेदार नागरिक के दायित्व का निर्वहन करते हुए कार्य पर निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु इस सेवक के प्रयास निरंतर जारी हैं और रहेंगे।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि क्षेत्र में सीवर समस्या को लेकर लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। सीवर समस्या को दूर करने के लिए जनकल्याण समिति के सहयोग से सुपर सकर मशीन द्वारा सफाई कार्य निरंतर जारी है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से सफाई व्यवस्था और अधिक तेज, प्रभावी व सुदृढ़ बनेगी। हमने सीवर सफाई के कार्य को अपने हाथ में लिया है और हम इसमें बदलाव लाकर दिखाएंगे। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने 15 ग्वालियर विधानसभा में आ रहे बदलाव का जिक्र करते हुए कहा, आज स्वास्थ्य, सडक़, खेलकूद, शिक्षा हर क्षेत्र में बदलाव हो रहा है। यही बदलाव है। जो हमने और आपने साथ मिलकर किया है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमने बदलाव लाने की ठान ली है और जल्दी ही ग्वालियर स्वच्छता के मामले में नंबर एक पर होगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि स्वच्छता, सुविधा और बेहतर जीवन स्तर बनाना हमारा संकल्प है।