घुटनों में 30 साल से सह रहा था दर्द, ठीक हुआ तो डॉक्टर्स का किया सम्मान

May 16 2026

ग्वालियर। एक मरीज पिछले 30 साल से घुटनों के दर्द से कराह रहा था। जयारोग्य हॉस्पिटल में टोटल नी रिप्लेसमेंट के बाद अब उसे दर्द से हमेशा हमेशा के लिए छुटकारा मिल गया। खुश होकर मरीज व उनके परिजनों ने डॉक्टर सुरेंद्र सिंह यादव सहित सभी जूनियर डॉक्टर्स का सम्मान कर डॉक्टर मरीज रिश्ते के भाव को पुनर्जीवित किया।
बहोड़ापुर निवासी 45 वर्षीय इस्माइल खान को 15 वर्ष की उम्र में घुटने में चोट लगी थी। जिससे उन्हें लगातार दर्द होता रहता था। थोड़ा सा चलते ही पैर में सूजन हो जाती थी। बचपन में मां ने डर से ऑपरेशन नहीं कराया था। अब 45 वर्ष आते-आते जब स्थिति असहनीय हो गई, तो मरीज व उनके परिजन ने जयारोग्य अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टर को दिखाया। यहां डॉ. सुरेंद्र सिंह यादव ने टोटल नी रिप्लेसमेंट की सलाह दी। मरीज का टोटल नी रिप्लेसमेंट ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा।
शनिवार को अस्थि रोग विभाग के वार्ड में राउंड लेते समय डॉ सुरेंद्र सिंह यादव ने मरीज का परीक्षण किया। और कहा कि आप अब पूरी तरह से ठीक हैं, तो आज छुट्टी कर देते हैं। मरीज व उनके परिजनों ने खुश होकर उनके सम्मान करने की बात कही। इस पर डॉ सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि ये तो उनका रोज का रूटीन वर्क है, इसमें सम्मान की जरूरत नहीं है। लेकिन मरीज़ परजिन पहले से ही माला और मिठाई के डिब्बे लेकर आए थे। बोले हम 30 साल से दर्द सह रहे थे, आपके हाथ लगते ही आराम मिल गया। तो कृप्या हमारी खुशी,हमारी भावनाओं को समझें। और हमें अपनी खुशी प्रदर्शन करने का मौका दें। और अस्थि रोग वार्ड का परिदृश्य पूरी तरह से बदल गया। हर सीनियर,जूनियर डॉक्टर को माला पहनाई और मिठाई वितरित की ।
आपने कहा
बचपन से घुटने के दर्द से परेशान था, आज जयारोग्य अस्पताल में इस पीड़ा से मुक्ति मिली। और मेरा पूरा ऑपरेशन निशुल्क हुआ है। यहां की व्यवस्था बहुत ही बेहतर हैं। यहां काअनुभव मेरे लिए काफी सुखद रहा।
मरीज इस्माइल खान, निवासी बहोड़ापुर
जयारोग्य अस्पताल के सभी डॉक्टर्स बेहतर कार्य कर रहे हैं। अस्पताल के प्रति मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, ये अच्छी बात है।
डीन डॉ आरकेएस धाकड़, जीआर मेडीकल कॉलेज ग्वालियर
टोटल नी रिप्लेसमेंट, टोटल हिप रिप्लेसमेंट आदि सर्जरी हमारा रूटीन वर्क है। अस्पताल में कई बार मरीज इस तरह से अपनी भावनाओं का प्रदर्शन करते हैं। हमारा उद्देश्य तो हर मरीज का बेहतर इलाज करना होता है।
डॉ सुरेंद्र सिंह यादव, प्रोफेसर हड्डी रोग विभाग जयारोग्य अस्पताल समूह