अपहरण कांड: लडक़ी पल-पल बदल रही है बयान

May 08 2026

ग्वालियर। महात्मा गांधी लॉ कॉलेज की छात्रा के कथित अपहरण मामले में पल-पल नए मोड़ सामने आ रहा है। फिल्मी अंदाज में अगवा कर ले जाए जाने के बाद कानपुर से बरामद हुई लडक़ी और आरोपी जीतू तोमर को पुलिस शुक्रवार तडक़े करीब 4 बजे कंपू थाने लेकर पहुंची। यहां छात्रा ने पहले खुद को अगवा किए जाने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद बयान बदलते हुए कहा कि वह आरोपी को पहले से जानती है। इस अपहरण कांड ने ग्वालियर में सनसनी फैला दी थी और अब जब पुलिस ने आरोपी और लडक़ी को बरामद कर लिया है तो लडक़ी ने अपने बयानों से पुलिस को चकर-घिन्नी कर दिया है। कभी वह खुद को बचाती नजर आती है तो कभी आरोपी के फेवर में जा खड़ी होती है।
पुलिस लडक़ी के बयानों से उलझन में है, क्योंकि वह एक ही बयान पर टिक नहीं रही है। कभी कहती है कि जीतू तोमर उसे अगवा कर ले गया था और फिर उसके बाद कहने लगती है कि वह जीतू को जानती है और उसका अपहरण नहीं हुआ है। उसकी इन बातों से पुलिस अधिकारी भी परेशान हो गए है और अब उसके बयान न्यायालय में कराएगे। जिससे आगे की कार्रवाई ठोस तरीके से की जा सके। पकड़ा गए आरोपी पार पूर्व में तीन मामले दर्ज है।
आरोपी जीतू लडक़ी को लेकर लगातार भागता चल रहा था। इसी बीच पुलिस को पता चला कि वह छात्रा को लखनऊ से इंदौर के लिए लेकर निकला है। इसका पता चलते ही तीन टीमों ने घेराबंदी कर बस से आरोपी को पकड़ा और लडक़ी को बरामद किया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है।
एएसपी अनु बेनीवाल का कहना है कि लडक़ी लगातार अपने बयान बदल रही है। ऐसे में पुलिस के सामने दिए गए बयानों का कानूनी महत्व नहीं होता। अब लडक़ी को न्यायालय में पेश कर धारा-164 के तहत बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आरोपी पिस्टल के साथ पकड़ा है और उस पर ऑम्र्स एक्ट की धारा लगाई गई है, इसके चलते उसे अब जेल जाना होगा। 
यह है घटना
ज्ञात हो कि बुधवार की दोपहर कंपू थाना क्षेत्र के कैंसर पहाड़ी से महात्मा गांधी लॉ कॉलेज की छात्रा को कार सवार जीतू तोमर व चिराग गुर्जर बिना नंबर की कार से अगवा कर ले गए थे। मामले का पता चलते ही छात्रा की तलाश के लिए ऑपरेशन हॉट परसूट शुरू किया और पुलिस की एक दर्जन टीमों ने डबरा, दतिया, झांसी, उरई, कानपुर और लखनऊ में सर्चिग अभियान शुरू किया। जिसमें आरोपी चिराग गुर्जर को पुलिस ने उरई से पकड़ा और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली। 
इस मामने में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को कानपुर से पकड़ा गया है। लडक़ी को सुरक्षित बरामद कर ली गई है। दोनों को ग्वालियर लाकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पास से पिस्टल भी मिली है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालयीन बयान के आधार पर की जाएगी।