बारिश में जलभराव हुआ तो खैर नहीं:एसीएस

May 08 2026

ग्वालियर। ग्वालियर में सीवर समस्या सहित मल्टीलेवल कार पार्किंग में निकल रहे भू जलस्तर को देखने आए एसीएस संजय दुबे ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान सभी नालों की सफाई की जाए। साथ ही सीवर संधारण का कार्य पूर्ण कर उनकी सफाई कर ली जाए।
उन्होंने कहाकि अगर शहर में जलभराव की समस्या आई, अथवा सीवर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह खुद नगर निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगरीय प्रशासन संकेत भोड़वे,  निगमायुक्त संघ प्रिय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सीवर समस्या को लेकर ऊर्जा मंत्री की शिकायत पर ग्वालियर नगर निगम के कार्यों का निरीक्षण करने आए एसीएस संजय दुबे ने सबसे पहले एलिवेटेड रोड के कारण डैमेज हुई सीवर लाइन के संधारण कार्य को देखा। उन्होंने कार्य को बारिश से पूर्व करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि कहीं भी सीवर लाइन ओवरफ्लो नहीं होनी चाहिए, उन्होंने कहाकि शहरवासियों की सुविधा का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है, सीवर समस्या का हर हाल में बारिश से पूर्व समाधान होना चाहिए। इसके साथ ही नाला सफाई को लेकर निर्देश दिए कि बारिश से पहले नालों की सफाई हो जानी चाहिए, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति नहीं बने। 
इसके बाद एसीएस ने महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्हें बताया गया कि अतिवर्षा के कारण भूजल स्तर बढ़ गया है, जिसके कारण तलघर में बनी बोरिंग से पानी निकल रहा है, तलघर में आठ फीट से अधिक पानी भरा हुआ है, ऐसे में पार्किंग का उपयोग नहीं हो पा रहा है। एसीएस ने तलघर से निकल रहे पानी का सद्पयोग करने के निर्देश दिए हैं, उन्होंने कहाकि ऐसी प्लानिंग करें जिससे पानी का सद्पयोग हो सके।