किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया चक्काजाम

May 07 2026

ग्वालियर। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार 11 बजे से नेशनल हाइवे तीन ग्वालियर-मुरैना मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया। इससे पहले कांग्रेस पदाधिकारियों ने होटल में जमकर नाश्ता किया। सीडब्ल्यूसी के सदस्य कमलेश्वर पटेल होटल सेंट्रल पार्क में आकर रुके थे और सुबह कांग्रेस पदाधिकारी उनसे मुलाकात करने पहुंचे। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम से सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और सैकड़ों यात्री बेहाल हैं। कांग्रेस पदाधिकारी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उसे किसान विरोधी व पूरी तरह से फेल सरकार बता रहे हैं।
आंदोलन में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता और विधायक शामिल हैं जो अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंचे हैं। भिंड, मुरैना तथा ग्वालियर से सैकड़ों की संख्या में किसान अपने नेताओं के साथ मौके पर डटे हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि जब तक सरकार उनकी मांगे सुनेगी नहीं विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा। चक्काजाम कर रहे कांग्रेस नेता अपने संबोधन में कह रहे हैं कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। किसान परेशान है और सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। भाजपा सरकार के शासनकाल में किसान सबसे अधिक परेशान हैं और उनके प्रति संवेदनशील नहीं है।
एमएसपी की गारंटी, सस्ती बिजली, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और कर्जमाफी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह से विफल रही है। एमएसपी की कानूनी गारंटी न होने के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। इसके साथ ही खाद, बीज, डीजल और अन्य कृषि संसाधनों की बढ़ती लागत ने किसानों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। सिंचाई सुविधाओं की कमी, अनियमित बिजली आपूर्ति और भारी-भरकम बिजली बिल से अन्नदाता बेहाल हो चुका है। 
विरोध प्रदर्शन में राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य कमलेश्वर पटेल, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, प्रभुदयाल जौहरी, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, साहबसिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष वीर सिंह तोमर, पूर्व विधायक ्रप्रवीण पाठक, इस्माइल खां पठान, मीनू परिहार, सभी ब्लॉक अध्यक्ष सहित भारी संख्या में कांगे्रस कार्यकर्ता मौजूद हैं। 
यात्री बेहाल, वाहनों की कतारें लगीं
कांग्रेस ने चक्काजाम निरावली तिराहे पर किया है। यह वह तिराहा है जहां से मुरैना, धौलपुर, आगरा के लिए यात्री बसें जाती हैं। वहीं मुरैना की तरफ से आने वाले यात्री वाहन, ट्रक तथा अन्य गाडिय़ां यहीं से या तो सीधे शिवपुरी वाले हाइवे पर निकलती हैं या फिर ग्वालियर बस स्टैंड पहुंचकर दूसरे गंतव्य स्थल के लिए रवाना होती है। तिराहे पर चक्काजाम करने से दूसरे जिले व रा’यों में जाने वाले वाहन भी फंसे हुए है।
पुलिस का भारी बंदोबस्त रहा
कांग्रेस के चक्काजाम आंदोलन को देखते हुए पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स निरावली तिराहे पर मौजूद रही। नेशनल हाइवे जाम होने के कारण पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट करने के लिए प्लान लागू किया।