खंभे से टकराकर कार में आग लगने से दो दोस्त जिंदा जले,एक बचा

May 06 2026

डबरा। ग्वालियर हाईवे पर 11 केवी बिजली के खंभे से टकराने के बाद एक स्विफ्ट कार में आग लग गई। इसमें दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा विगत रात करीब 2 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार खंभे से इतनी जोर से टकराई कि खंभा टूट गया और बिजली के तार कार पर गिर गए। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें तुरंत आग लग गई। कार में शादी समारोह से बचे पटाखे रखे थे। इस कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
मृतकों की पहचान छतरपुर निवासी अवधेश विश्वकर्मा और रामजी सोनी के रूप में हुई। अवधेश फाइनेंस का काम करते थे। शिवपुरी के बामोर में उनकी ससुराल है। अविनाश झा उनके साले हैं। ग्वालियर में अविनाश के दोस्त के यहां शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए वह छतरपुर से शिवपुरी आए थे।
शिवपुरी से अविनाश, अवधेश और रामजी कार में सवार होकर ग्वालियर गए थे। उन्होंने लौटते समय शादी की आतिशबाजी में बचे पटाखे कार में रख लिए थे। कार अवधेश चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अवधेश को नींद का झोंका आया। इसके बाद गाड़ी बिजली पोल से टकरा गई। हादसे के बाद पोल बीच से टूट गया। 11 केवी की लाइन गाड़ी के ऊपर गिर गई।
कार के आगे के दोनों डोर लॉक हो गए। अविनाश पीछे बैठे हुए थे। टक्कर लगने से पीछे के गेट खुल गए और अविनाश बाहर गिर गए। अवधेश और रामजी कार में ही फंस गए। उन्होंने और राहगीरों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अवधेश विश्वकर्मा की दो साल पहले शादी हुई थी। उनका 9 महीने का बेटा है। वहीं, रामजी सोनी सोने-चांदी का व्यापार करते थे।
पुलिस ने शिवपुरी में मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। हादसे में कार पूरी तरह जल गई और युवकों के केवल कंकाल ही बचे हैं।