ट्रक भाड़े को लेकर ट्रक मालिक और उसके चार साथियों ने युवक को पीटा

May 06 2026

ग्वालियर। ट्रक भाड़े के लेनदेन को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। ट्रक मालिक और उसके चार साथियों ने मिलकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक भिंड जिले के मालनपुर निवासी मुकेश शर्मा ने गेहूं की बोरियां मंडी भेजने के लिए ग्वालियर निवासी राजू राणा का ट्रक बुक किया था। मंडी में माल नहीं उतरने के कारण ट्रक दो दिनों तक खड़ा रहा, जिसके बाद ट्रक मालिक ने अतिरिक्त भाड़े की मांग की।
भाड़े को लेकर विवाद बढऩे पर राजू राणा ट्रक को बिजौली थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास ले आया। सूचना मिलने पर मुकेश शर्मा भी मौके पर पहुंचा, जहां पहले से ही राजू अपने साथियों रानू, भोला, अर्जुन और राजू जाट के साथ मौजूद था।
दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ट्रक मालिक व उसके साथियों ने मिलकर मुकेश शर्मा के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मुकेश शर्मा ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सीसीटीवी फुटेज सौंपे हैं। पुलिस ने राजू राणा और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।