कॉम्बिंग गश्त: पुलिस ने 201 पहुंचाए हवालात, 282 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक

May 06 2026

ग्वालियर। जिले के नागरिक चैन से रहे और बदमाशों में पुलिस का भय हो, इसके लिए बीती रात पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त की और उन बदमाशों को पकड़ा है जो लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। इस दौरान शहर व देहात में कुल 201 बदमाशों को पुलिस ने पकडक़र हवालात पहुंचाया है। जबकि 282 उन बदमाशों को जो लंबे समय तक पुलिस का सुख-चैन छीनकर परेशान करते थे, उन्हें चेक किया गया है। इसके साथ ही कुछ थाना क्षेत्रों में शराब लेकर घूम रहे तस्कर पकड़े हंै। 
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए विगत रात कॉम्बिंग गश्त किया। इस दौरान पुलिस ने 201 बदमाशों को हवालात पहुंचाया, इसके साथ ही पुराने बदमाशों को चेक कर उनकी जानकारी अपडेट की। ताकि वह फिर से अपराध के रास्ते पर न जा सकें। कॉम्बिंग गश्त की शुरूआत पुलिस ने पैदल गश्त से की। इस दौरान सभी थाना प्रभारी अपने बल के साथ सडक़ों पर आए और पैदल भ्रमण कर पूछताछ की। वहीं इलाके के लोगों से बातचीत की, जिससे उस क्षेत्र में होने वाली अनैतिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया।
 देर रात जैसे ही एसएसपी श्री सिंह गश्त की कार्रवाई का जायजा लेने के लिए मैदान में आए तो गश्त में निकले अफसरों और जवानों का एक्शन शुरू हो गया। वहीं एएसपी अनु बेनीवाल, विदिता डागर, सुमन गुर्जर और जयराज कुबेर गश्त की मॉनिटरिंग की।
 एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि जनता चैन से रहे और बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे, इसके लिए पुलिस का यह अभियान लगातार चलेगा। इसके साथ ही अब पैदल गश्त सहित अन्य ऐसी गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे बदमाशों में खौफ रहे।