पीएम गुप्ता स्मृति सम्मान समारोह: विज्ञान संकाय के टॉपर्स का हुआ सम्मान

May 05 2026

ग्वालियर। पीएम गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट ग्वालियर के सौजन्य से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी पीएम गुप्ता स्मृति सम्मान समारोह-2026 संपन्न हुआ। उक्त समारोह में ग्वालियर के विज्ञान संकाय में माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी स्कूल सार्टिफिकेट परीक्षा 2026 के टॉपर्स को नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र, मणि माला पहनाकर कर सम्मानित किया गया, समारोह के अध्यक्ष अरविन्द सिंह, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग ग्वालियर एवं मुख्य अतिथि अजय कटियार, संयुक्त संचालक विधि प्रकोष्ठ लोक शिक्षण संभाग ग्वालियर, विशेष अतिथि राकेश शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर एवं स्व. पीएम गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। अतिथियों का सम्मान शॉल, श्रीफल एवं मणि माला भेंट कर किया गया। अतिथियों ने ग्वालियर जिले के विज्ञान संकाय के टॉपर्स को प्रशस्ति पत्र, मणि माला, एवं नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। 
अध्यक्ष अरविन्द सिंह ने कहा कि छात्रों को जीवन में कभी हार नहीं मानना चाहिए, एक लक्ष्य लेकर चलो जब तक वो पूरा ना हो जाय तब तक मेहनत करो। मुख्य अतिथि अजय कटियार ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में सफलता के प्रसंग का वृतांत बताते हुए सम्मानित छात्रों को बधाई दी एवं उन्होंने कहा कि पीएम गुप्ता का योगदान शिक्षा क्षेत्र में अतुलनीय है और इस समारोह के माध्यम से हम उनके द्वारा किए गए कार्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं, यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्र भविष्य में समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेंगे। पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों में गौरी पिता महेंद्र शर्मा, हर्ष पिता चंद्रशेखर गोयल, हर्ष पिता मनोज यादव, मांडवी राठौर पिता नीरज सिंह राठौर, सिया पिता मनोज वर्मा, भूमिका पिता प्रमोद राजपूत, सुमन जाटव पिता अतर सिंह जाटव आदि रहे।
कार्यक्रम में पीएम गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट की श्रीमती सीमा सिंघल, देवेन्द्र गुप्ता, योगेश सिंघल, डॉ. जीडी अग्रवाल एवं विद्यालयों के प्राचार्य, व्याख्याता एवं अधिक संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जीडी अग्रवाल इन्दौर, आयोजन संयोजक ने किया, कार्यक्रम का विषय प्रवर्तन देवेन्द्र गुप्ता ने किया। आभार विवेक कुमार सोनी पुस्तकालय प्रबंधक शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूजा साहू (ग्रंथपाल), श्रीमती गीता अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, आकाश पाल, शिवम शर्मा, लक्ष्मी यादव, कमल चामडिय़ा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने पीएम गुप्ता गुप्ता की स्मृति में पुस्तकालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।