कारोबारी के घर डकैती की साजिश नाकाम, हवलदार के बेटे सहित 6 बदमाश पकड़े,

May 05 2026

ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने विगत रात एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही टाल दिया। जलालपुर कंजर डेरा के पास घेराबंदी कर पुलिस ने 6 हथियारबंद बदमाशों को पकड़ा है। ये बदमाश एक बड़े कारोबारी के घर डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में एक अंशुल त्यागी पुलिस हवलदार श्रीकांत त्यागी का बेटा भी शामिल है। गिरोह के इरादे बेहद खतरनाक थे। इनके पास से तीन कट्टे, कारतूस व चाकू भी मिले हैं। इनका कहना है कि वारदात के दौरान यदि कोई बीच में आता तो उसे जान से भी मर देते।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष सिंह यादव ने बताया कि एसआई अनिल जाट गश्त पर थे, तभी उन्हें जलालपुर कंजर डेरा के पास अंधेरे में कुछ संदिग्ध लोग दिखे। अतिरिक्त बल बुलाकर जब घेराबंदी की गई, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बदमाशों का निशाना कारोबारी पप्पू चौहान का घर था। आरोपी काफी समय से उनके मकान की रेकी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अगर टीम 5 मिनट भी लेट होती, तो बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए निकल चुके होते। आरोपियों को अर्पित यादव और रहमान खान एक अर्टिगा कार से जंगल में छोडक़र गए थे। 
पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम टेनीराम उर्फ टीटू लोधी निवासी अलीगढ़, कौशल कुमार उपाध्याय निवासी बदायूं, अयान मोहम्मद निवासी मोतीझील ग्वालियर, सचिन सिंह तोमर निवासी मुरैना, आमिर उर्फ लालू निवासी भोईपुरा ग्वालियर, अंशुल त्यागी निवासी मुरैना का पिता प्रधान आरक्षक श्रीकांत त्यागी है। पकड़े गए बदमाशों की तलाशी लेने पर उनके पास से पुलिस ने घातक हथियार बरामद किए हैं। जिनमें 315 बोर के 3 कट्टे, 2 चाकू, और जिंदा राउंड के साथ मोबाइल फोन शामिल है।
 पुलिस पूछताछ में पता चला है कि इस डकैती की पूरी प्लानिंग अर्पित यादव और रहमान खान ने रची थी। वही इन बदमाशों को अर्टिगा कार से लेकर आए थे और डकैती डलवाने की जिम्मेदारी उन्हीं की थी। पुलिस अब इन दोनों मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है।
इस मामले में सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि  जलालपुर कंजर डेरा के पास से 6 बदमाशों को डकैती की योजना बनाते पकड़ा गया है। इनके पास से हथियार मिले हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है।