यूथ डायलॉग में युवाओं को मिला मार्गदर्शन, करियर व लीडरशिप पर हुई चर्चा

May 04 2026

ग्वालियर। सामाजिक संस्था गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन द्वारा ‘ग्वालियर यूथ डायलॉग’ का सफल आयोजन ग्रैब स्पेस कोवर्किंग में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के करियर, सिविल सेवा की तैयारी, नेतृत्व क्षमता एवं मानसिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्यवक्ता डॉ.आयुष जाखड़ एसडीओपी करेरा एवं सृष्टि गोयल संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 160वीं रैंक प्राप्त उपस्थित रहीं। दोनों वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रेरित किया। डॉ. आयुष जाखड़ ने युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आने के लिए समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
वहीं सृष्टि गोयल ने अपनी यूपीएससी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों में भी सही रणनीति और आत्मविश्वास के बल पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन मानसी चौहान एवं आभार रोहन शर्मा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने वक्ताओं से संवाद कर अपने प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए। इस अवसर पर संस्था संस्थापक आकाश बरूआ, जयेश श्रीवास्तव, खुशबू अग्रवाल, कविता गोले, अंशिका शर्मा, यश कुशवाह आदि मौजूद रहे।