माता बिजासन मंदिर में सुंदरकांड पाठ व भंडारे में उमड़ा कांग्रेस परिवार

May 03 2026

ग्वालियर।। माता बिजासन मंदिर में रविवार को भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, कांग्रेस परिवार द्वारा हनुमंत लाल के दरबार में सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे एक भव्य स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में विजय हनुमान की शरण में सुंदरकांड पाठ का सामूहिक आयोजन किया गया। मंदिर परिसर पूरे समय 'जय श्रीरामÓ और 'हनुमान महाराज की जयÓ के जयघोष से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूर्णत: भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर भगवान सिंह यादव पूर्व मंत्री, सुरेंद्र यादव शहर जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे। इनके साथ ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षदगण, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रताप राव माणिक एवं संयोजक डॉ. जितेंद्र सिंह राजावत की विशेष भूमिका रही। इनके मार्गदर्शन में आयोजन सुव्यवस्थित और अनुशासित रूप से संपन्न हुआ। 17 दक्षिण ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस परिवार के सदस्य भी पूरे उत्साह के साथ उपस्थित रहे।
सुंदरकांड पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि आस्था और सेवा के माध्यम से समाज को एकजुट किया जा सकता है। कार्यक्रम की भव्यता और सहभागिता ने इसे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया।