90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वालीं छात्राओं को किया सम्मानित

May 03 2026

ग्वालियर। जेयू के गालव सभागार में प्रभुजी आहार फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शासकीय विद्यालयों की 12वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वालीं 50 से अधिक छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, डीआईजी अमित सांघी, डॉ. प्रियंवदा भसीन, महिला आयोग की उपाध्यक्ष समीक्षा गुप्ता एवं आईपीएस विदिता डागर थीं।
इस अवसर पर आशीष अग्रवाल ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश, समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश है और ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने की नई दिशा देते हैं। डीआईजी अमित सांघी ने छात्राओं को अनुशासन और परिश्रम का महत्व बताते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। डॉ. प्रियंवदा भसीन ने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। समीक्षा गुप्ता ने कहा कि नारी सशक्तिकरण का सबसे सशक्त माध्यम शिक्षा है, और समाज को बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग करना चाहिए। आईपीएस विदिता डागर ने कहा कि आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।