गर्मी से राहत, तापमान स्थिर

May 03 2026

 ग्वालियर। मई की शुरुआत के साथ ही गर्मी से राहत मिली है। शहर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान लगभग स्थिर बने हुए हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि धूप में भी नरमी और हवा में नमी महसूस की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई के पहले सप्ताह में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिलेगी। इस दौरान दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हालांकि, मई के दूसरे सप्ताह में बादल छाए रहने के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, उस दिन भी ठंडी हवाओं ने तेज धूप से राहत दी थी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में बहुत अधिक वृद्धि नहीं होगी। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।