भारतीय शिक्षण मंडल का परिचायक वर्ग हुआ सम्पन्न

May 03 2026

ग्वालियर। भारतीय शिक्षण मंडल द्वारा दो दिवसीय परिचय वर्ग का आयोजन संस्कार भारती छात्रावास केदारपुर पर संपन्न हुआ। इसमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, दतिया व श्योपुर से 56 सदस्यों ने भाग लिया। जिला मंत्री शुभम जैन ने बताया कि इस आवासीय वर्ग में विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा एवं दायित्वों का समग्र प्रशिक्षण प्रदान कर साथ ही एकात्मता स्तोत्र, चिंतन कर्णिका एवं योग साधना के माध्यम से कार्यकर्ताओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से ऊर्जावान बनाने के बारे में बताया गया।
प्रथम सत्र में भारतीय शिक्षा एवं शिक्षा दर्शन विषय पर मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें मंचासीन अतिथियों द्वारा भारतीय शिक्षा पद्धति की विशेषताओं एवं वर्तमान संदर्भ में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया। द्वितीय सत्र में छ: उत्सव, कार्यकर्ता विकास एवं कार्य पद्धति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अंतर्गत अधिकारी परिचय एवं मंडल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें  'स्व का बोध, पर्यावरण संरक्षण, कुटुम्ब प्रबोधन, नागरिक शिष्टाचार एवं सामाजिक समरसताÓ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समूहवार विचार-विमर्श हुआ। तृतीय सत्र में कार्य, कार्यक्रम, कार्यविधि एवं कार्यविभाग पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य की स्पष्ट दिशा प्राप्त हुई। अंत में सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कार्यकर्ताओं को समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।