शादी के चार दिन बाद ही फंदे पर झूली दुल्हन,जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही

May 02 2026

ग्वालियर। शादी के चार दिन बाद ही नवविवाहिता के आत्महत्या के प्रयास ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र की रहने वाली सपना कंसाना अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का प्रयास बता रहा है, जबकि मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है।
घटना के बाद सपना को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह वेंटिलेटर पर है। फिलहाल वह बेहोश है, जिसके चलते हादसे के पांच दिन बाद भी उसका बयान नहीं हो पाए हैं।
सपना की शादी 24 अप्रैल को सौरभ सिंह गुर्जर से हुई थी। मायके पक्ष के अनुसार शादी में करीब 8 लाख रुपए नकद और गृहस्थी का सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के चार दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने स्कॉर्पियो कार की मांग शुरू कर दी और सपना को प्रताडि़त किया जाने लगा।
मायके वालों ने लगाए ससुराल वालों पर आरोप
ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि सपना ने शादी के चार दिन बाद ही 28 अप्रैल की शाम अपने बाथरूम के कपड़े टांगने वाली खूंटी से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। लेकिन खूंटी टूटने से वह नीचे गिर गई थी और उसकी जान बच गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को ससुराल पक्ष ने सपना द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की जानकारी दी थी। ससुराल वालों ने कहा कि उसे समय रहते बचा लिया गया था।
हालांकि, दो दिन बाद जब सपना के मायके वाले भिंड जिले के गोरमी से पहुंचे, तो कहानी ने नया मोड़ ले लिया। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि सपना के पति सौरभ गुर्जर पिता पान सिंह गुर्जर मां कल्लोबाई गुर्जर ने दहेज में स्कॉर्पियो की मांग पूरी न होने पर उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की।
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि यह आत्महत्या का प्रयास था या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल सपना बेहोश है और उसके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, उसके बयान के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर उसके फांसी लगाने की वजह क्या है। वही इस मामले में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी जांच के आदेश दिए हैं।