55 बीघा में बनेगा आवासीय ऋषि गालव विश्वविद्यालय,भूमि पूजन 4 मई को

May 02 2026

ग्वालियर। मध्य भारत शिक्षा समिति द्वारा प्रस्तावित आवासीय ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमि पूजन 4 मई को शिवपुरी लिंक रोड शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला में होगा। 55 बीघा भूमि पर बनने वाला यह विश्वविद्यालय 3 वर्ष में लगभग 110 करोड़ की लागत से बनकर पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा, जबकि करीब 30 करोड़ रुपए की प्रारंभिक लागत से यहां आगामी एक वर्ष में गुरु पूर्णिमा 18 जुलाई 2027 से नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभकरने का लक्ष्य रखा गया है।
मध्य भारत शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र बांदिल ने बताया कि भूमि पूजन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पाण्डे करेंगे। 
लगेंगी स्मार्ट क्लास, होगी अत्याधुनिक लैब
विश्वविद्यालय में वर्तमान में चल रहे रोजगार संबंधी पाठ्यक्रम तो होंगे ही, साथ में भारतीय ज्ञान पंरपरा, भारतीय जीवन दर्शन, धर्म एवं धरोहर संबंधी पाठ्यक्रम भी समयानुकूल बनाकर चलाए जाएंगे। पाठ्यक्रम कोई भी हो उसके साथ-साथ छात्र-छात्राओं के चारित्रिक विकास पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाएगा। विश्वविद्यालय को गुणवत्तापरक, समग्र, समावेशी और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए समिति के एक प्रतिनिधि मंडल ने देश के उत्कृष्ट विश्वविद्यालयों का भ्रमण किया था। इसी के तहत विश्वविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, कम्प्यूटर लैब और अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।