केंद्रीय विद्यालय संगठन की रीजनल स्पोर्ट्स मीट का आयोजन

Apr 29 2026

ग्वालियर। केंद्रीय विद्यालय संगठन भोपाल रीजन स्तर की स्पोर्ट्स मीट का आयोजन इस समय केंद्रीय विद्यालय में उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों व केंद्रीय विद्यालय से आए छात्र-छात्राएं रीजनल स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस प्रतियोगिता के अंतर्गत योगासन खेल भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। योगासन प्रतियोगिता में गुना के प्रसिद्ध योगाचार्य महेश पाल को मुख्य निर्णायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके तकनीकी मार्गदर्शन एवं अनुभव के आधार पर प्रतियोगिता का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं विभिन्न इवेंट्स जैसे ट्रेडिशनल, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर, रिदमिक पेयर एवं आर्टिस्टिक ग्रुप में अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दे रहे हैं। सभी प्रतिभागियों का मूल्यांकन आधुनिक माइक्रो मार्किंग सिस्टम के आधार पर किया जा रहा है, जिससे निष्पक्ष एवं सटीक परिणाम सुनिश्चित हो सकें।
मुख्य निर्णायक महेश पाल के निर्देशन में जजों की टीम ने बच्चों के आसनों की शुद्धता, संतुलन, लचीलापन और प्रस्तुति को बारीकी से आंक रही है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों का चयन आगामी केंद्रीय विद्यालय नेशनल योगासन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इस आयोजन से न केवल बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ रही है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सुनहरा अवसर भी प्राप्त हो रहा है। प्रतियोगिता का माहौल उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा से परिपूर्ण नजर आ रहा है।