निगम की जनसुनवाई में धरने पर बैठे पार्षद

Apr 28 2026

ग्वालियर। नगर निगम की जनसुनवाई में कांग्रेस पार्षदों ने सीवर समस्या के समाधान की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्षदों ने जनसुनवाई कक्ष में अधिकारियों को भी रोक लिया और बाद में जनसुनवाई भवन के मुख्य द्वार पर बैठकर नारेबाजी की।
दरअसल, ग्वालियर शहर में सीवरेज की समस्या गंभीर बनी हुई है, जिससे वार्डों के रहवासी लगातार पार्षदों से शिकायतें कर रहे हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा, पार्षद माटू यादव, शकील मंसूरी, अर्चना वर्मा सहित कई पार्षद जनसुनवाई में पहुंचे थे।
जनसुनवाई के दौरान पार्षदों ने अपर आयुक्त प्रदीप तोमर से सीवर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की। अधिकारी ने जल्द ही समस्या हल करने का आश्वासन दिया, लेकिन पार्षदों ने समाधान के लिए एक निश्चित तिथि बताने पर जोर दिया।
मांग पूरी न होने पर सभी कांग्रेसी पार्षद जनसुनवाई भवन में ही धरने पर बैठ गए। लगभग आधे घंटे तक कोई सुनवाई न होने पर वे जनसुनवाई भवन के मुख्य द्वार पर आ गए और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने मुख्य द्वार को अवरुद्ध कर दिया, जिससे अधिकारी बाहर नहीं निकल पाए।
जनसुनवाई समाप्त होने के बाद अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने पार्षदों से धरना समाप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने अगले दिन स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करने की बात कही, लेकिन पार्षद अपनी मांग पर अड़े रहे और प्रदर्शन जारी रखा।
बताया गया है कि लगभग तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान अधिकारी पीछे के रास्ते से निकल गए। अधिकारियों के वापस न आने पर काफी देर बाद कांग्रेस पार्षदों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।