कॉम्बिंग गश्त: आधी रात को 204 पहुंचाए हवालात 268 गुंडे व हिस्टीशीटर चेक किए

Apr 28 2026

ग्वालियर। लम्बे समय से पुलिस को चकमा दे रहे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बीती रात कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान जो भी बदमाश जिस हालत में पुलिस को मिला उसे पकडक़र ले लाई। इस दौरान कई बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया, लेकिन पहले से अलर्ट पुलिस ने किसी को भागने का मौका नहीं दिया। कुछ ही घंटों में पुलिस ने जिले भर से 204 बदमाशों को पकडक़र हवालात पहुंचाया, इस दौरान करीब 268 गुंडे व हिस्टीशीटर चेक किए। आम जनता चैन से रहे और
बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे, इसके लिए बीती रात जिले में पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त किया। इस दौरान पुलिस ने उन बदमाशों को पकड़ा जो कई सालों से पुलिस को चकमा दिए हुए थे। वहीं पुराने गैंगस्टरों और बदमाशों को पुलिस ने चेक कर उनकी जानकारी जुटाई, जिससे वह पुन: वारदातों में शामिल न होने पाए।
देर रात जैसे ही एसएसपी धर्मवीर सिंह गश्त की कार्रवाई का जायजा लेने के लिए फील्ड में आए तो गश्त में निकले अफसरों और जवानों का एक्शन शुरू हो गया। वहीं एएसपी अनु बेनीवाल, विदिता डागर, सुमन गुर्जर और जयराज कुबेर गश्त की मॉनिटरिंग की।
 पुलिस ने जिले में हुई कॉम्बिंग गश्त में कुल 204 बदमाशों को पकड़ा है, जिसमें 99 स्थाई और 105 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े। साथ ही 133 गुण्डा एवं 135 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान एक दर्जन से ज्यादा आरोपी पकड़े है। 
 एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि जनता चैन से रहे और बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे, इसके लिए पुलिस का यह अभियान लगातार चलेगा। बीती रात चले अभियान में पुलिस ने कुल 204 बदमाशों को पकड़ा है, 268 गुंडे व हिस्टीशीटर चेक किए हैं। इसके साथ ही अब पैदल गश्त सहित अन्य ऐसी गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे बदमाशों में खौफ रहे।