भीषण गर्मी का असर दिखने लगा, 24 जिलों में लू का अलर्ट

Apr 27 2026

ग्वालियर। गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सिर्फ दिन ही नहीं, रात में भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने ग्वालियर सहित प्रदेश के 24 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे गर्मी और अधिक महसूस हो रही है।  दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा छा गया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। कई जगह गर्मी के कारण सडक़ें नरम पड़ती नजर आईं, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई। भीषण गर्मी का असर बाजारों पर भी दिखा। दोपहर में बाजार लगभग खाली रहे, हालांकि शाम को हल्की राहत मिलने पर लोगों की आवाजाही बढ़ी।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।