न्याय अब लोक अदालत के माध्यम से आपके पास: न्यायमूर्ति आनंद पाठक

Apr 26 2026

ग्वालियर। न्याय पाने के लिए पहले व्यक्ति को अदालत जाना पड़ता था, लेकिन अब लोक अदालत के माध्यम से न्याय आपके पास आया है। यह बात रविवार को सेंट्रल जेल ग्वालियर में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के तत्वाधान में आयोजित प्रदेश की जेलों में विशेष जेल लोक अदालत के आयोजन अवसर पर न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने कही। इससे पहले लोक अदालत का वर्चुअल शुभारंभ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति व मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति श्री संजीव सचदेवा द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह में उच्च न्यायालय खण्डपीठ-ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने कहा कि व्यक्ति किसी भी उम्र में अपने आप में सुधार ला सकता है। उससे जो गलती हुई है, उसे सुधारकर जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है और समाज की मुख्यधारा में जुड़ सकता है।
जेल लोक अदालत का उद्देश्य न्याय सुलभता को आमजन विशेषत: बंदियों तक पहुंचाने एवं बंदियों के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जेलों में बंद बंदियों को शीघ्र न्याय दिलाना, उनके मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराना एवं न्याय प्रणाली में विश्वास को और अधिक सुदृढ करना है। इसके माध्यम से न्यायालयों पर लंबित प्रकरणों का भार कम करने के साथ-साथ सामाजिक न्याय की भावना को भी सशक्त किए जाने का प्रयास है। न्यायिक सेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी कदम है, जो समाज के वंचित वर्गो त$क न्याय पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर न्यायमूर्तिगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष, लोक अदालत पीठ के सदस्य, सचिव, कलेक्टर रुचिका चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह सहित अन्य न्यायिक व जेल के अधिकारी उपस्थित रहे।