इंदिरा ज्योति यात्रा का होगा स्वागत 27 अप्रैल को

Apr 26 2026

ग्वालियर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश भर में निकाली जा रही इंदिरा ज्योति यात्रा को लेकर कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में शहर के सभी ब्लॉक अध्यक्ष तथा पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि इंदिरा ज्योति यात्रा केवल यात्रा नहीं बल्कि देश की विरासत, मजबूत नेतृत्व, गरीब, किसान, मजदूर, युवा एवं महिलाओं के सम्मान की ज्योति है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने देश की अखंडता, एकता और स्वाभिमान के लिए जो कार्य किए वह आमजन तक पहुंचाने के लिए इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। ब्लॉक अध्यक्षों को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जन-जन तक पहुंचे इसके लिए तैयारियां की जाएं। 
इंदिरा ज्योति यात्रा आज 27 अप्रैल सोमवार शाम 4:30 बजे मुरैना से होती हुई शहर में प्रवेश करेगी पुरानी छावनी तिराहे पर इंदिरा ज्योति यात्रा का भव्य स्वागत कर पुष्प वर्षा की जाएगी। वहां से यात्रा मल्लगढ़ा, चार शहर का नाका, हजीरा, एमएलबी रोड, शिंदे की छावनी होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचेगी और यात्रा का समापन होगा। ब्लॉक अध्यक्षों से कहा गया है कि यात्रा का जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ता स्वागत करें, इस हिसाब से तैयारी की जाए।
बैठक में संदीप बादव, अनूप शिवहरे, महेश धनोलिया, मुनेन्द्र सिंह भदौरिया, मनीषा शर्मा, राकेश शर्मा, अंसार खान, कुलदीप व्यास सहित अन्य उपस्थित रहे।