ग्वालियर-झांसी रोड पर बस में लगी आग, सो रहे यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

Apr 26 2026

ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां झांसी रोड थाना गेट के सामने एक वीडियो कोच बस का टायर फटने के बाद अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की है। उस समय बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन समय रहते पुलिस की तत्परता और यात्रियों की सूझबूझ से सभी की जान बच गई।
बस से धुआं और आग की लपटें निकलते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए। उन्होंने बस के कांच तोड़कर अंदर सो रहे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों ने खुद भी खिड़कियों से कूदकर जान बचाई। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
 जानकारी के मुताबिक बस क्रमांक एलएन07 बी-0899 राजस्थान के जयपुर से बागेश्वर धाम (छतरपुर) जा रही थी। बस जयपुर से शनिवार रात करीब 9 बजे रवाना हुई थी। रविवार सुबह नाका चंद्रवदनी पर 15 यात्री उतर गए थे। इसके बाद बस जैसे ही करीब 200 मीटर आगे बढ़ी, झांसी रोड थाना के सामने अचानक टायर फट गया और उसमें आग लग गई। उस समय बस में 16 यात्री सवार थे।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले उन्हें हल्की बदबू और धुआं महसूस हुआ था। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल गई। उसी समय पुलिस ने आकर उन्हें आग लगने की जानकारी दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग बाहर निकलने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस में आग लगने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पहले से पाइप लाइन कार्य के चलते सड़क संकरी थी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस ने पहले यात्रियों को सुरक्षित निकाला, फिर यातायात व्यवस्था को संभालते हुए जाम खुलवाया।
बस चालक संजय सिंह, सहायक चालक बृजेश सिकरवार और हेल्पर अजय कुमार ने घटना की सूचना बस मालिक को दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।