रेलवे स्टेशन पर सिंधिया के स्वागत में उमड़ी भीड़ में दबी बच्ची, हुई जख्मी

Apr 25 2026

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर राजधानी ट्रेन से आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत में उमड़ी भीड़ की धक्का-मुक्की में एक बच्ची दब गई। भीड़ में फंसने पर बच्ची रोने और चीखने लगी, लेकिन उसे बचाने के लिए कोई नहीं आया और ना ही उसकी चीख-पुकार कार्यकर्ताओं ने सुनी। बच्ची के पिता ने जैसे-तैसे भीड़ के बीच में घुसकर अपनी बच्ची को बाहर निकाला।
ग्वालियर रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण उसका क्षेत्रफल काफी सिकुड़ गया है। विगत रात 8.30 बजे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया राजधानी एक्सप्रेस से ग्वालियर आए। रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे। इस दौरान भीड़ सिंधिया के नारे लगाने लगी और माला पहनाने की होड़ शुरू हो गई। इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खड़ी बच्ची भीड़ में फंस गई। भीड़ में बच्ची बुरी तरह से घबरा गई और रोने लगी। कार्यकर्ताओं के नारों में बच्ची का शोर थम गया और वह घबरा गई। इस दौरान बच्ची के पिता उनकी मदद के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ को चीरते हुए पहुंचे और बच्ची को बाहर गोद में उठाकर लाए। इस दौरान बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।
भीड़ में फंसी बच्ची के पैर पर कई लोगों ने अपना पैर रख दिया, जिसके चलते बच्ची के पैर में चोट आई हैं। बच्ची ने बताया कि वह काफी घबरा गई थी, वहीं बच्ची के पिता ने बताया कि व्हीआईपी आगमन के दौरान ना तो पुलिस और ना ही आरपीएफ मौजूद थी, जिसके चलते यह स्थिति बनी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के रेलवे स्टेशन पर स्वागत करने की परिपाठी कांग्रेस के समय से चली आ रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आने के बाद उनके साथ आए कार्यकर्ता एवं समर्थक आज भी वहीं परिपाठी निभा रहे हैं। जबकि भाजपा में वरिष्ठ नेताओं एवं मंत्रियों का स्वागत करने के लिए अलग प्रोटोकॉल है, जिसमें गिने-चुने लोगों को स्वागत की जिम्मेदारी दी जाती है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सिंधिया चार दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे हैं।