सुश्री गौरी गोपीनाथ ने व्याख्यान दिया

Apr 24 2026

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान-समविश्वविद्यालय (एमआईटीएस-डीयू) में आयोजित पांच दिवसीय आईडीई (नवाचार, डिजाइन एवं उद्यमिता) बूटकैम्प मास्टर ट्रेनर सुश्री गौरी गोपीनाथ द्वारा एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों के प्रारंभिक प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इसके उपरांत उन्होंने ‘फाइनेंशियल लिटरेसी’ विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया, जिसके माध्यम से छात्रों को वित्तीय प्रबंधन के मूल सिद्धांत, प्रकार, महत्व एवं व्यावहारिक अनुप्रयोगों की समझ विकसित हुई। इस सत्र ने छात्रों को अपने स्टार्टअप विचारों के आर्थिक पक्ष को यथार्थपरक दृष्टिकोण से देखने हेतु प्रेरित किया।
पश्चात डॉ. वरुण शर्मा, स्टार्टअप मेंटर एवं सहायक प्राध्यापक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार विभाग, एमआईटीएस-डीयू द्वारा ‘डिज़ाइन टू डिलाइट’ विषय पर एक सत्र संचालित किया गया। इस सत्र में उत्पाद चयन, उस पर प्रभाव डालने वाले कारकों तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों प्रकार के उत्पादों के लिए उपयोगकर्ता-केंद्रित डिजाइन के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। सत्र का प्रमुख आकर्षण उनका सूत्र वाक्य ‘कम ही ज्यादा है’ रहा, जिसके माध्यम से उन्होंने सरल, सहज एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के महत्व को रेखांकित किया। यह विचार विशेष रूप से छात्रों को अपने डिजिटल एवं भौतिक उत्पादों की प्रस्तुति को अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने के लिए प्रेरित करता है।
प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर स्वयंसेवकों के मार्गदर्शन में एमआईटीएस-डीयू की रोबोटिक्स एवं 3डी प्रिंटिंग प्रयोगशाला का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण के दौरान छात्रों को उत्पाद डिजाइन की तकनीकी बारीकियों, प्रोटोटाइप निर्माण की प्रक्रियाओं तथा नवाचार में डिजाइन की भूमिका को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।