9 महीने के मासूम की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया चक्का जाम

Apr 24 2026

ग्वालियर। एक निजी नर्सिंग होम में 9 महीने के मासूम की इलाज के दौरान मौत के बाद शुक्रवार सुबह जमकर हंगामा हो गया। नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और डॉक्टर पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। वहीं, डॉक्टर ने सीसीटीवी वीडियो पुलिस को दिया है, जिसमें बच्चे का झाड़-फूंक करवाने का दावा किया जा रहा है। मृतक बच्चे का नाम तनुज कुशवाहा पुत्र प्रशांत कुशवाहा निवासी नहर वाले हनुमान मंदिर के पीछे के है।
परिजनों के मुताबिक, बच्चे को उल्टी और सांस संबंधी परेशानी (पसली चलने) की शिकायत थी। उसे 22 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे जनकगंज थाना क्षेत्र में सरोज घर के सामने स्थित अंकुर बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की डॉक्टर स्नेहा गडकर ने उनकी मर्जी के खिलाफ बच्चे को सांस की नली लगाई और इंजेक्शन दिए। उनका कहना है कि बच्चे को मामूली तकलीफ थी, लेकिन गलत इलाज के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की मां हेमलता ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टर ने मामले को दबाने के लिए 50 हजार देने की कोशिश की।
अस्पताल के बाहर हंगामा, चक्का जाम
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना दिया और चक्का जाम कर दिया। उन्होंने डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि इलाज के दौरान बच्चे की मौत हुई है और मामले की जांच की जा रही है। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि शव का पैनल पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।