पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में पृथ्वी दिवस का आयोजन

Apr 23 2026

ग्वालियर। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आत्मसात करते हुए, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में ‘पृथ्वी दिवस’ अत्यंत उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
दिवस की शुरुआत विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इस दौरान कक्षा 3-सी के विद्यार्थियों द्वारा एक प्रेरणादायक लघु नाटिका (स्किट) प्रस्तुत की गई, जिसमें पर्यावरण को बचाने और प्रदूषण को कम करने का सशक्त संदेश दिया गया। इसके साथ ही, फाउन्डेशनल और प्रिपरेटरी स्टेज के विद्यार्थियों ने भी एक संयुक्त स्किट प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित सभी का मन मोह लिया और पृथ्वी को हरा-भरा रखने का आह्वान किया।
विद्यालय परिसर में पूरे दिन जागरूकता और रचनात्मकता का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने ‘बैज मेकिंग’ और ‘पोस्टर मेकिंग’ गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से नन्हे हाथों ने पर्यावरण संरक्षण के सुंदर संदेशों को कलात्मक रूप दिया।
इस अवसर का विशेष आकर्षण वह क्षण रहा जब विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए विशेष बैज विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश पांडे, उप-प्रधानाचार्य पवन शर्मा और मुख्य अध्यापिका डॉ. भारती यादव को भेंट किए। विद्यालय के नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों ने उन्हें पर्यावरण रक्षक का सम्मान दिया। इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित किया। विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।