परशुराम जयंती: पालकी यात्रा संग निकली 5 दूल्हों की बारात

Apr 20 2026

ग्वालियर। परशुराम जयंती के अवसर पर सकल ब्राह्मण समाज द्वारा सात दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सोमवार को भगवान परशुराम की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा की खास बात यह रही कि इसके साथ पांच दूल्हों की सामूहिक बारात भी निकाली गई, जिसने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण बना दिया। यह पालकी यात्रा शहर के राम मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई सनातन धर्म मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान 1100 महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और यात्रा की शोभा और भी बढ़ गई।
सनातन धर्म मंदिर पहुंचने पर भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती की गई। इसके साथ ही पालकी यात्रा को विराम दिया गया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर यात्रा और सामूहिक बारातों का जोरदार स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान को तिलक लगाकर माल्यार्पण किया, वहीं दूल्हों की आरती उतारकर अभिनंदन किया।