भाविप वीर सावरकर शाखा द्वारा पक्षियों के लिए जल संरक्षण पहल

Apr 20 2026

ग्वालियर। भारत विकास परिषद, वीर सावरकर शाखा द्वारा सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की गई। शाखा के सदस्यों ने प्रात: एमएलबी कॉलेज के मुख्य द्वार पर मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों के बीच पक्षियों के लिए जल एवं दाना रखने हेतु लगभग 50 पात्र (स्कोर) वितरित किए।
इस अवसर पर शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण पक्षियों को जल की अत्यधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने घर, छत या आसपास जल पात्र रखे, तो यह जीवों के प्रति संवेदनशीलता का एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं जीव सेवा की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया। शाखा के सदस्यों ने सभी से अपील की कि वे नियमित रूप से इन पात्रों में स्वच्छ जल एवं दाना भरते रहें, जिससे पक्षियों को राहत मिल सके।
इस सेवा कार्य में शाखा के सचिव अरुण अग्रवाल कोषाध्यक्ष के के शर्मा रवि कुशवाहा अरविंद गुप्ता बी एम कुलश्रेष्ठ प्रमोद वर्मा डॉक्टर प्रदीप गुप्ता डॉ विष्णु अग्रवाल के एम मंगल अनिल गुप्ता सहित परिषद के 15 सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल रहे।