पारा 40 डिग्री पार दिनभर झुलसाने वाली गमी पड़ रही

Apr 19 2026

ग्वालियर। राजस्थान से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं ने गर्मी का असर और बढ़ा दिया है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा। रविवार सुबह भी तीखी धूप के साथ शुरू हुई। रात का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। सुबह से ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के विशेषज्ञों ने बताया कि राजस्थान से आ रही लू जैसी गर्म हवाएं इस तीव्र गर्मी का मुख्य कारण हैं। इन हवाओं के कारण वातावरण में नमी कम हो गई है, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में भी तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।
भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम हो गई है, और लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
नागरिकों को गर्मी से बचाव के लिए हल्के और सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर बाहर निकलने तथा अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की हिदायत दी गई है। यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है।