एमआईटीएस में 5 दिवसीय इनोवेशन डिजाइन एंड एंटरप्रेन्योरशिप बूटकैंप का आयोजन

Apr 18 2026

ग्वालियर। माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस डीम्ड विश्वविद्यालय में 20 से 24 अप्रैल तक ‘इनोवेशन, डिजाइन एंड एंटरप्रेन्योरशिप बूटकैंप’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह बूटकैंप अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद तथा शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। इस 5 दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों में उद्यमिता की भावना, डिजाइन थिंकिंग और नवाचार कौशल को विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रोडक्ट डिजाइन, बिजनेस मॉडलिंग, ग्राहक विश्लेषण तथा स्टार्टअप पिचिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
बूटकैंप के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र के साथ डिजाइन थिंकिंग और समस्या पहचान पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। आगामी दिनों में कस्टमर डिस्कवरी, बिजनेस मॉडल कैनवास, रेवेन्यू मॉडल, प्रोटोटाइप डेवलपमेंट, फाइनेंशियल प्लानिंग तथा स्टार्टअप फंडिंग जैसे विषयों पर सत्र आयोजित होंगे। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 47 टीमों के 194 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें 138 पुरुष एवं 56 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतिभागियों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागी अपने नवाचार आधारित विचारों को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिससे उन्हें उद्योग जगत से मार्गदर्शन प्राप्त होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डा आरके पंडित ने बताया कि यह बुटकैम्प भारत के प्रसिद्ध चुनिंदा 13 संस्थानों में आयोजित किया जा रहा है जिसमे आई आई टी रुड$की, आई आई टी गुवाहाटी, एन आई टी पटना आदि संस्थान शामिल है। संस्थान प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के बूटकैंप से छात्रों को स्टार्टअप संस्कृति, नवाचार और व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी तथा यह भारत के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।